July 30, 2025

BULLET RAJASTHAN

राजस्थान की ख़बरें सबसे पहले…

राम लीला में हुआ भगवान परशुराम-लक्ष्मण संवाद


जयपुर। टीवी और मोबाइल की हद से ज्यादा लत के बीच अच्छी खबर यह कि लोग देर रात तक राम लीला का आनंद उठा रहे हैं। राजधानी में आधा दर्जन स्थानों पर राम लीला का आयोजन हो रहा है। रामलीला देखने के प्रति लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन समिति की ओर से दर्शकों के बैठने की अच्छी व्यवस्था होने से लोग चाव से राम लीला देखने पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति की ओर से न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान में आयोजित हो रही रामलीला के तीसरे दिन शनिवार को धनुष यज्ञ और लक्ष्मण परशुराम संवाद का मंचन हुआ। समिति के अध्यक्ष प्रवीण बड़े भैया, उपाध्यक्ष नवनीत मित्तल ने प्रारंभ में भगवान राम की आरती उतारी।
प्रसंगानुसार पुत्री सीता के विवाह के लिए राजा जनक ने सीता स्वयंवर का आयोजन किया। उपस्थित राजा जब धनुष को उठाना तो दूर हिला तक नहीं सके तो परेशान होकर राजा जनक विलाप करने लगे। उन्होंने कहा कि उन्हें आज पता चला कि पृथ्वी वीरों से खाली हो चुकी है। जनक की बातें सुन लक्ष्मण क्रोधित हो उठे। तब भगवान राम ने इशारे से उन्हें रोका और गुरु विश्वामित्र से आज्ञा लेकर धनुष का भंजन किया। धनुष टूटते ही सीता ने भगवान राम के लगे में जयमाला डाल दी। धनुष टूटने की आवाज सुनते ही परशुराम स्वयंवर में आ गए और धनुष तोडऩे वाले का नाम पूछने लगे, इस पर वहां सन्नाटा छा गया। परशुराम और लक्ष्मण के बीच जमकर शब्दों के बाण चले। रविवार को राम बारात और राम विवाह का आयोजन होगा।


भगवान राम ने किया अहिल्या उद्धार:

श्री राम मंदिर प्रन्यास, श्री सनातन धर्म सभा के तत्वावधान में श्री राम मंदिर आदर्श नगर के रामलीला रंगमंच पर तीसरे दिन सुरभि कला केंद्र के कलाकारों ने शनिवार को विश्वामित्र आगमन, ताडक़ा वध, अहिल्या उद्धार, जनक अमराई की लीला का मंचन किया। अध्यक्ष हरचरण लेकर ने बताया भगवान राम के आदर्श जन जन तक पहुंचे, नई पीढ़ी में संस्कारों का सिंचन हो और बालक बालिकाएं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के आदर्शों को जाने इसलिए प्रतिवर्ष रामलीला का मंचन किया जाता है। रामलीला में दर्शकों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। मंच सज्जा और लाइटिंग में भी परिवर्तन किया गया है। कॉलर माइक लगाए गए हैं।

You may have missed